
कुरुक्षेत्र में इंटरनेशनल गीता जयंती के शुभारंभ से तीन दिन पहले ऐतिहासिक लालकिले से गीता के संदेश देश के दिल दिल्ली में गूंजे। हजारों युवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों प्रोफेशनल गीता पाठ करने और गीता से प्रेरणा पाने के लिए एकजुट हुए। गीता जयंती के उपलक्ष्य में जीओ गीता की तरफ से गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद की अगुवाई में गीता प्रेरणा महोत्सव रविवार को लालकिले में मनाया गया।
गीता प्रेरणा महोत्सव का शुभारंभ सीएम मनोहर लाल व गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर आरएसएस प्रमुख मोहनभागवत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला, सीएम मनोहरलाल के अलावा कई सांसद, मंत्री व विधायक शामिल हुए। वहीं, अलग-अलग धर्मों से कई लोगों ने शिरकत की।
मनोहर लाल ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। उन्होंने हरियाणा में कुरुक्षेत्र को भव्य कुरुक्षेत्र बनाए जाने की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के 48 कोस के प्राचीन क्षेत्र में स्थित महाभारत कालीन तीर्थ स्थलों को क्रमबद्ध रूप से विकसित किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में सूर्यग्रहण पर व अन्य धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं को बढ़ती जा रही संख्या के चलते सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला व ज्ञानानंद महाराज ने गीता का विमोचन किया।